Friday, February 17, 2017

शादीशुदा लड़की=अच्छी लड़की

      जब मैं स्कूल में थी, तब मेरी एक दोस्त सिर्फ शादीशुदा टीचरों से ही बात किया करती थी। उन्ही से सवाल-जवाब करती।  जो नई-नई टीचरें आई होती, उनसे वह आंखें चुराती फिरती थी। मैंने कई बार इसकी वजह पूछी तो वो कहती,"मम्मी ने मना किया है।" मैं समझ ही नहीं पाती कि किस बात के लिए और कैसे मना किया है ? क्या कहकर मना किया होगा कि जिनके माथे पर सिन्दूर न दिखे उन टीचरों से बात नहीं करनी? कैसे, कैसे?  खैर, बहुत जल्द इसका राज़ भी खुल गया। ओपन डे सरीखा कुछ होता था स्कूल में। जब अच्छे-अच्छों को मम्मी-पापा के सामने डांट पिलाई जाती थी। तब उसकी माँ भी आई थी। उन्होंने भी उन दो-चार टीचरों से कम ही बात की। जब मम्मियां आपस में इसके-उसके चक्कर की बातें कर रही थीं, तब उन कुंवारी टीचरों के अछूत होने की वजह  पता लगी।  दरअसल, उन्हें अपनी बच्चियों को अभी से ये संस्कार देने थे कि जो महिला शादीशुदा होती है, वही अच्छी औरत होती है। और जो शादी नहीं करती, वे गंदी होती हैं।  गंदे लोगों से दूर रहना ही सबसे सही होता है। क्यों?
      एक और वाकया सुनिये। जब मैं कॉलेज में थी तो हमारी एक लेक्चरर थीं, जो 40-45 के क़रीब रही होंगी। ये फर्राटेदार अंग्रेज़ी बोलती कि अच्छे-अच्छों के मुंह बंद ही रहते थे उनकी क्लास में। हमें खूब मन लगा कर ब्रैंडिंग के गुर सिखाती थी। हम उनसे बहुत प्रभावित रहते थे। एक अच्छे टीचर के सारे गुण थे उनमें। उनके कपड़ों (उस उम्र तक कंडीशनिंग कुछ ऐसी थी कि सिन्दूर, साड़ी, और मंगलसूत्रवाली महिलाएं शादीशुदा और खुशहाल महिलाएं होती हैं) और बातों को सुनकर हमें हमेशा लगता कि या तो उनके पति नहीं रहे या फिर उनका तलाक हो गया है। एक दिन हमें खबर लगी कि उन टीचर की तो शादी ही नहीं हुई और वो अकेले रहती हैं।  हाय, तौबा और ना जाने कैसे-कैसे मुंह बन गए हम सब के। ऐसा कैसे हो सकता है कि किसी औरत की शादी ही ना हो?  एक औरत अकेले कैसे रह सकती है? क्या वो गंदी औरत हैं ? और ना जाने क्या-क्या हमारे कच्चे दिमागों ने सोच लिया और अपनी-अपनी समझ से उन मैडमजी का चरित्र गढ़ लिया। 
      कहने का मतलब इतना ही कि हमारे यहां कि कंडीशनिंग कुछ ऐसी है कि हम शादी को ही लड़कियों के अच्छे-बुरे होने का पैमाना मानते हैं। बड़ी उम्र में शादी हो रही है तो पक्का लड़की में कुछ गड़बड़ी होगी। जल्दी शादी हो गयी तो पक्का लड़की का कोई चक्कर होगा। और 30 पार हो चुकी, तब भी शादी ना हुई तो उस बिचारी का तो भगवान् ही मालिक है। 
 
करियर या शादी? या दोनों?

Sunday, July 10, 2016

25 दिन बनाम 5 दिन

- सोनम गुप्ता  

क्यों पीरियड्स है इतना अछूत-सा शब्द
माना नहीं है कोई सुन्दर चीज़
ना ही है कोई मजेदार घटना
लेकिन गन्दी बात भी नहीं है पीरियड्स,
ना हूं विज्ञान विशेषज्ञ और ना ही कोई धर्म जानकार
लेकिन कह सकती हूं पूरे विश्वास से पीरियड्स नहीं है
कोई छिपानेवाली बात,
जैसे खाना पचकर
पॉटी बनकर शरीर से निकलता है
जैसे पानी पसीना बनकर रिसता है
द्रव मूत्र बनकर निकलता है
वैसे ही
एक नष्ट हो चुके अंडे के शरीर से बाहर निकलने की प्रकिया है पीरियड्स
एक आम उत्सर्जन प्रक्रिया!
क्या पसीना आने के बाद
अचार छूना वर्जित है?
क्या पॉटी जाने के बाद हम मंदिर नहीं जाते?
क्या टॉयलेट से आने के बाद
हमारा बिस्तर अलग कर दिया जाता है?
तब क्यों पीरियड्स के वक्त
मैं रसोई में नहीं जा सकती?
क्यों अपने बिस्तर पर नहीं सो सकती?
क्यों अपना जन्मदिन नहीं मना सकती?
क्यों नहीं कर सकती वह सबकुछ
जो मैं महीने के बाकी 25 दिन करती हूं!

कैप्शन जोड़ें

Thursday, May 19, 2016

अम्मा और दीदी का राज

     चार राज्यों और एक केंद्र शाषित प्रदेश के विधानसभा चुनाव में दो राज्यों में महिलाओं के नेतृत्ववाली पार्टी ने जीत हासिल की है। राजनीति में ऊपरी पदों पर महिलाओं की संख्या और स्थिति दोनों ही सोचनीय है। ऐसे में तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल के नतीजे राजनीति में महिलाओं की स्थिति सुधारने में मदद कर सकते हैं। ममता बैनर्जी ने जहां लोगों के बीच रहकर अपनी साख मजबूत की है। वहीं जयललिता के प्रशंसकों की बड़ी संख्या है और उनकी योजनाएं उनकी पहचान। दो बड़े और प्रमुख राज्यों की कमान महिलाओं के हाथ में आ गई है। उल्लेखनीय है कि ममता और जयललिता राजनीतिक पपेट न होकर अपने बूते पर चुनाव जीतनेवाली राजनेता हैं।
     भारतीय राजनीति के इन दो बड़े चेहरों में एक समान बात है कि दोनों ने ही शादी नहीं की है। लेकिन जयललिता अपने महंगे और आलीशन रहन-सहन के लिए आए दिन सुर्ख़ियों में रहती हैं, वहीं ममता कॉटन की साड़ी पहननेवाली, सादगीपसंद नेताओं में से एक हैं। दोनों ही नेताओं को लिखने और पढ़ने का काफी शौक है।
32 सालों में पहली बार तमिलनाडु में कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है।  जयललिता से उम्मीदें बढ़ गईं हैं। ममता भ्रष्टाचार के आरोपों से अपने दम पर बाहर आई हैं और खुद को दांव पर लगाकर अपनी पार्टी की झोली में ये शानदार जीत डाली है।
    फिलहाल भारत के तीन राज्यों गुजरात में आनंदीबेन पटेल, राजस्थान में वसुंधरा राजे, जम्मू और कश्मीर में मेहबूबा मुफ़्ती मुखयमंत्री के पद पर आसीन हैं। आज के चुनाव नतीजों के बाद जल्द ही इस सूची में दो और नाम जुड़ जाएंगे। उम्मीद यही है कि ये पंच भारतीय राजनीति में महिलाओं की स्थिति को सुधारने और उनकी छवि को सशक्त करने में सफल होंगी।  

जयललिता और ममता बैनर्जी

Friday, October 23, 2015

देर्द और देर्दा का दर्द है दफ़्न होती ज़िन्दगी

तुर्की साहित्य की मेरी पहली किताब दफ़्न होती ज़िन्दगी है, जिसका नाम तुर्की में ए ज़ेड है। हाकान गुंडे के इस उपन्यास का कवर देखकर तो इसे पढ़ने की इच्छा नहीं हुई। वास्तव में तुर्की भाषा में इस किताब का कवर जितना उम्दा है, हिंदी अनुवाद का उतना ही बेकार। लेकिन जब इस किताब को पढ़ना शुरू किया, तो करीब आधे से ज्यादा उपन्यास को दो बार से ज्यादा पढ़ा। संवेदनाओं को झंकझोर कर रख देनेवाली इस किताब को पढ़ना पहले तो एक गहरे काले गुफा से होकर निकलना है फिर अविश्वसनीय जिंदगियों से रूबरू होना। हो सकता है शुरू में देर्दा की कहानी आपको बांध न पाए। लेकिन कुछ पन्नों का सय्यम और फिर आप इसे पूरा किए बगैर चैन नहीं पाएंगे।
तुर्की के बारे में ज्यादा कुछ नहीं पता। सच कहूं तो इस किताब को पढ़ने से पहले तो कुछ भी नहीं पता था बजाय इसके कि वहां आए दिन आतंकवादी हमले होते रहते हैं। इसलिए हो सकता है कि इस किताब को पढ़ते वक्त कई चीज़े आपको समझ न आए या कुछ चीजों से आप जुड़ ही न पाएं।
देर्दा की कहानी बीच-बीच में अविश्वसनीय लगने लगती है। लेकिन इस्तानबुल और तुर्की की सामाजिक व्यवस्था, परिवेश और वहां महिलाओं की स्थिति के बारे में थोड़ा कुछ भी अगर इन्टरनेट पर खंगालेंगे तो तय है कि देर्दा की कहानी पर न चाहते हुए भी वास्तविकता का स्पर्श महसूस होने लगेगा।
कहानी के अगले मुख्य पात्र देर्द की बात करूं तो वह आपको आकर्षित करने के साथ ही साथ आपके मन में खौफ पैदा कर सकता है।
देर्दा और देर्द की कहानी अलग-अलग माहौल और कठनाईयों के बीच से होती हुई अंत के दस पन्नों में एक होती है। हाकान गुंडे ने जिस तरह दोनों पात्रों को मिलाया है, यकीनन वह किसी फिल्म का एक सीन हो सकता है। खैर, पूरा उपन्यास काफी वास्तविक लगता है केवल अंत के कुछ पन्नों को छोड़ दें तो। लेकिन विरोधाभास यह कि इसका अंत मुझे काफी पसंद आया। देर्द और देर्दा की जिंदगी का दर्दनाक सफ़र अंत में सुखद साथ बनता है। किताब बहुत जगह आपको भावुक कर सकती है।
तुर्की साहित्य की पढ़ी जानेवाली मेरी पहली रचना जो कि वर्ष 2011 में तुर्की की सर्वश्रेष्ठ उपन्यास भी रह चुकी है, को पढ़कर यकीन हो गया कि औरतों और गरीबों की दशा ज्यादातर देशों में कमोबेश एक जैसी ही है।
किताब का कवर

Friday, October 16, 2015

माँ की नई किताब और मेरी एक उम्मीद

मैं ऑफिस से लौटकर धूल-धूसरित घर के एक कोने में बैठी थी। मम्मी पास आकर बैठ गईं। मुझे लगा रोज़ की तरह पेंटिंग करनेवालों की गलतियां बताएंगी। प्लेट में सेब को काट-काटकर रखते हुए माँ ने प्लेट मेरी ओर खिसकायी और कहने लगी आज मैंने वो कहानी पढ़ी। मैं चकित होकर उनकी ओर देखने लगी। कई सारे सवाल मन में कौंध गए। कौन-सी कहानी? ये किसकी बात कर रही हैं? व्यंग्य की? पल भर में याद आया कि रूम के बेड पर घनश्याम अग्रवाल की अपने-अपने सपने रखी हुई थी। मैंने तुरंत कहा,'आप वो किताब पढ़ रही हो? आपने निकाला? आप तो कोई दूसरी पढ़ रही थी न! वैसे वो कोई ख़ास किताब नहीं है।'
माँ का चेहरा अचानक ही खिल गया और कहने लगी,"नहीं...नहीं अच्छी किताब है। छोटी-छोटी कहानियां हैं। जल्दी ख़तम होती हैं। मजा आता है।"
फिर चेहरा वापस प्लेट की ओर कर कहने लगी,'दूसरी किताब बाद में कभी पढूंगी।'
मैंने कहा कोई बात नहीं। आपकी मर्जी। वैसे ये क्या किताब अच्छी है? मैंने पूरी नहीं पढ़ी। बस्स! माँ को तो इसी की देरी थी। तुरंत पूरे उत्साह के साथ उन्होंने कुछ कहानियां जो दोपहर में उन्होंने पढ़ी थी मुझे सुना दी। मैं सुनती रही। यकीन करिए उनको पढ़ने का कोई शौक नहीं है। बमुश्किल एक उपन्यास पूरा कर पायी हैं। वो भी मेरी जिद्द के आगे हारकर। उस बार किताब मैंने चुनी थी। लेकिन इस बार उन्होंने किताब खुद चुनी।
     घर में पेंटिंग का काम चल रहा है। दिनभर एक ही कमरे में रहना पड़ता है। जहां टीवी भी नहीं है। ऊब को कम करने के लिए दो दिन पहले ही खुद ही अलमारी से उन्होंने हिंदी हास्य-व्यंग्य संकलन, श्रीलाल शुक्ल और प्रेम जनमेजय द्वारा सम्पादित किताब पढ़ने के लिए निकाली थी। मैंने मन बहलाने के लिए अल्बम देखने कहा था, खुद उन्होंने किताब का विकल्प चुना। मैं आश्चर्यचकित थी कि इतनी सारी कहानियों, कविताओं के बीच इन्होने व्यंग्य को ही क्यों चुना! खैर, ज्यादा पढ़ी-लिखी नहीं हैं। राज-समाज को लेकर अपडेटेड नहीं, ऐसा नहीं है। लेकिन घर से बाहर ज्यादा लोगों से नहीं मिलती, इसलिए कई चीजें समझ नहीं पाती। बहुत सारे व्यंग्य नहीं समझ आए उन्हें। पहले दिन खुश थी। दूसरे दिन निराश होकर कहने लगी,"मजेदार है। लेकिन इसमें बहुत सारी ऐसी चीजों का ज़िक्र है, जिनके बारे में मुझे नहीं मालूम।"
    वो व्यंग्य समझ पायी यही मेरे लिए बड़ी बात है। और उससे भी ज्यादा ख़ुशी इस बात कि की उन्होंने टाइमपास के लिए पढ़ने का विकल्प चुना।  सच में, ऑफिस की सारी थकान माँ ने उतार दी। उनका पढ़ना दिल खुश कर देता है। जब कभी अख़बार की कोई खबर पर वो चर्चा करने लगती हैं, उन्हें गले लगाकर नाचने का मन करता है। उनका नजरिया ख़बरों और किताबों के प्रति चाहे जो हो, फ़िलहाल मेरे लिए वो मायने नहीं रखता। मायने है तो उनके पढ़ने के। उनके ख़ाली समय में उलजुलूल की बातें सोचकर डिप्रेशन में जाने की बजाय कुछ नया करने के। ऐसा लगता है जैसे अलमारी में किताबें रखने का मकसद पूरा हो रहा हो। वो नहीं जानती ये बात। और मैं उन्हें बताउंगी भी नहीं। फ़िलहाल वो ब्लॉगिंग की दुनिया से अनभिज्ञ हैं। लेकिन जिस गति से बढ़ रही हैं। मुझे यकीन है एक ना एक दिन मेरा ये पोस्ट वो जरुर पढ़ेंगी। वह दिन...तो दिन होगा। मेरा दिन!
दोनों किताबें

Monday, September 28, 2015

--१--

--१--

यहां कितना सूनापन है
शोर के बीच
गहरा सन्नाटा
संवादों में खोखलापन
सतही होते विचार
प्लास्टिक की दुनिया में
बेजान हैं संवेदनाएं
और
मन पर
न भावनाओं की फुहारों का कोई असर
न कोई उष्मा
न प्रेम का कोई ताप
अब शेष है
केवल पतले होते रिश्तों के धागे
बिखरे हुए मन और घर
सिकुड़ता हुआ अपनापन

- सोनम

Tuesday, August 11, 2015

अपडेटेड तो हैं लेकिन नॉलेजबल नहीं



- सोनम गुप्ता

     एक अंजान ने यूंही पूछ लिया कि आप पत्रकार लोग तो खूब नॉलेजबल होते हैं ! देश-दुनिया की खबर रखते हैं। मैंने मुस्कुराकर कहा कितने पत्रकार नॉलेजबल होते हैं, इसका पता नहीं, पर हाँ, वे अपडेटेड जरूर होते हैं। केवल पत्रकार ही क्यों आज की हमारी ज्यादातर टेक-सेवी पीढ़ी अपडेटेड तो खूब है। लेकिन नॉलेज बिरले ही किसी के पास होता है। पल-पल अपडेट होते न्यूज़ पोर्टलों और गूगल ज्ञान ने हमें त्वरित जानकारी तो दी। लेकिन स्थाई ज्ञान और जानकारी का बोध देने में असफल साबित हुआ। आधा-अधूरा ज्ञान ही अफवाओं और गलत जानकारी फैलाने का सबब बनता है। इसका सबसे ताजा उदाहरण है मध्यप्रदेश का व्यापम घोटाला। व्यापम एक घोटाला है और इस घोटाले में आरोपितों  के बारे में अपडेटेड तो सभी थे, लेकिन जब इनसे पूछा गया कि व्यापम घोटाला किस सन्दर्भ में है तो अजीबो-गरीब जवाब मिले। यानि 20 मिनट में 100 खबरें तो देख लीं, लेकिन खबर के सिर-पैर का पता नहीं।
     ऐसा नहीं कि हमारे पास सीखने के लिए चीज़ों की कमी है। बल्कि मामला तो यह है कि आज-कल हम सब मल्टी-टास्किंग के शिकार हो गए हैं। एक साथ कई चीज़ें जानना और फिर हर चीज़ की जानकारी रखना हमारे दिमाग को बेवजह थका रहा है। हम अपने आस-पास के अनुभवों से ही अपने फैसलों को आकार देते हैं। और फ़िलहाल अपने आस-पास लोगों को स्विमिंग, स्केटिंग, कत्थक, कैंडल मेकिंग, कुकिंग, कोचिंग, ड्राइविंग, इत्यादि एक साथ सीखते देखकर सोचते हैं जब वह कर सकता या कर सकती है तो मैं क्यों नहीं। कुछ यही हाल महिलाओं का भी हो चला है घर, बच्चे, दफ्तर सबकुछ एकसाथ संभालने की होड़ में लगी हुई हैं। इस चक्कर में किसी एक का भी पूरा लुत्फ़ नहीं उठा पा रही हैं। जो लोग कई सारे काम एकसाथ कर रहे हैं, वे हमारी ही अपनी पीढ़ी के हैं। हम नहीं जानते कि इस मल्टी-टास्किंग का उनके भविष्य पर क्या असर पड़ेगा? मानसिक और शारीरिक दोनों मोर्चों पर उनका भविष्य कैसा होगा
     पहले के समय में किसी एक कला को या किसी एक चीज़ के बारे में ज्ञान हासिल करने के लिए एक विद्यार्थी अपना आधा से ज्यादा जीवन समर्पित कर देता था। आज बढ़ती टेक्नोलॉजी और जानकारी के त्वरित स्रोतों के मौजूद होने से इतना समय गंवाने की जरुरत नहीं है। लेकिन बेवजह भेड़चाल में शामिल होने में भी कहां कि समझदारी है? स्लो होने में कोई बुराई नहीं है। और ये भी जरुरी नहीं कि अपने समय की हर चीज़ आपके पास हो या आपको मालूम हो। धीमी गति से जीवन जीने का भी अपना ही मजा है। मनोवैज्ञानिकों की माने तो आहिस्ता-आहिस्ता संयम के साथ किए गए अध्ययन स्थाई होते हैं। जिससे इन्हे याद रखने के जद्दोजहद भी नहीं करनी पड़ती। जानकारी दिमाग के उस कोने में जाकर बैठती है, जो इन्हे लम्बे समय तक दिमाग में बनाए रखता है। जल्दबाजी ही एक बड़ा कारण है कि आज-कल हम में से ज्यादातर लोग भूलने की बीमारी से पीड़ित हैं।
     आज शरीर पर बेवजह का दबाव डालने से बहुत संभव है कि कल हमारा शरीर जवाब दे जाए। जिस तरह दुकान में कई सारे विकल्प देखकर हम असमंजस में पड़ जाते हैं, उसी तरह कई सारी चीज़ों का जानकार होना कई बार हमें दुविधा में डाल देता है। वैसे भी किसी एक चीज़ में तज्ञ होना अलग पहचान कायम करने में मदद कर सकता है। इसका ये बिलकुल मतलब नहीं कि हमें देश-दुनिया से खुद को काट लेना चाहिए। हर पल की जानकारी रखने की बजाय किसी एक जानकारी का गहन ज्ञान रखना ज्यादा बेहतर है।
     क्या हम भविष्य में इस तरह कई सारे काम एकसाथ कर पाने के लिए संतुष्ट होंगे? क्या इस ढेर सारे इंफॉर्मेशन रखने की होड़ में सचमुच हम कुछ सीख पाएं हैं? क्या हमें किसी एक चीज़ के बारे में पूरा सही आधा ज्ञान भी है? क्या बुढ़ापे में हमारा शरीर इस एक्स्ट्रा प्रेसर डालने की आदत को सहजता से स्वीकार पाएगा? आज हमें ३० की उम्र में डाइबटीज, बीपी, जैसी लाइफस्टाइल डिजीसेस क्यों होने लगी हैं? ऐसे  सैकड़ों सवालों पर मल्टी-टास्किंग और ढेर सारी जानकारी बंटोरने की होड़ में शामिल होने से पहले एक बार जरूर विचार करना चाहिए।